अबुआ आवास गृह प्रवेश कार्यक्रम में खुशी की लहर

लाभुक परिवारों ने पाया नया आशियाना, उपायुक्त ने दी शुभकामनाएँ

सच खबर, गढ़वा। कांडी प्रखण्ड के लमारी कला पंचायत में आज अबुआ आवास गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश कुमार यादव ने स्वयं उपस्थित होकर लाभुक परिवारों को नए घर की चाबी सौंपी और गृह प्रवेश करवाया। नए घर में प्रवेश करते समय लाभुकों के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था।

पंचायत भवन में आयोजित संवाद कार्यक्रम में उपायुक्त श्री यादव ने लाभुक परिवारों से सीधे संवाद स्थापित किया। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की और योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सभी को गृह प्रवेश की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। 🏡

प्रखंड कार्यालयों का औचक निरीक्षण
कार्यक्रम के बाद उपायुक्त ने कांडी एवं बरडीहा प्रखण्ड कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित पाए गए। उपायुक्त ने उपस्थिति पंजी, स्टॉक रजिस्टर, अभिलेखों एवं कार्यालय व्यवस्था की गहन समीक्षा की और कार्य की पारदर्शिता एवं समयबद्धता पर विशेष बल दिया।

उपायुक्त का संदेश
उपायुक्त ने कहा कि शासन की योजनाएँ जनता तक समय पर और पारदर्शी ढंग से पहुँचना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को लाभुकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और बेहतर सेवा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *