सच खबर, मेदिनीनगरः शनिवार को संत मरियम स्कूल के आवासीय परिसर में तनावमुक्त परीक्षा विषय पर संस्कारशाला का आयोजन किया गया । मुख्य अतिथि के रूप में जिले के ऊर्जावान उपायुक्त ए दोडे इस शामिल हुए। सर्वप्रथम आवासीय परिसर के विद्यार्थियों ने अपने चैयरमैन सर के साथ पुष्प वर्षा और गुलाब के साथ माननीय उपायुक्त महोदय का अभिनंदन किया। गर्मजोशी से किए गए स्वागत से अभिभूत होकर मुख्य अतिथि मंचासीन हुए । उपायुक्त महोदय, विद्यालय के चेयरमैन श्री अविनाश देव एवं प्राचार्य कुमार आदर्श ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर सायंकालीन संस्कारशाला का उद्घाटन किया। तत्पश्चात विद्यालय के संगीत शिक्षक श्याम किशोर पांडे के निर्देशन में विद्यार्थियो ने स्वागत गान प्रस्तुत किया । विद्यालय के चैयरमैन द्वारा शॉल और बुके देकर मंच पर मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया। स्वागत भाषण में विद्यालय के चेयरमैन श्री अविनाश देव ने कहा कि काफी लंबे संघर्ष के बाद संत मरियम विद्यालय आज इस मुकाम पर पहुंचा है । प्रारंभिक समय में किए गए अथक परिश्रम, अभिभावकों , प्रशासन का सहयोग और उचित मार्गदर्शन के बदौलत आज यह विद्यालय शहर के प्रतिष्ठित विद्यालय में शुमार है। मौके पर मुख्य अतिथि उपायुक्त महोदय श्री ए दोडे ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा की परीक्षा के दौरान आप सभी तनाव ना ले, परीक्षा कैसे जाएगी, कैसे अच्छा कर पाएंगे इसकी चिंता से दूर होकर आप अपना मुख्य फोकस अपने स्वाध्याय को दे साथ ही पूरे लगन के साथ पढ़ाई करें निश्चित तौर पर आपकी परीक्षा अच्छी जाएगी और आप अच्छे अंक प्राप्त करेगे। संस्कारशाला में विद्यार्थियो ने अनेक प्रश्न पूछे। छात्र गौरव ने एक प्रश्न पूछा की जब हम पढ़ने बैठते हैं तो अपने मन को एकाग्रचित्त नहीं कर पाते हैं इसके प्रत्युत्तर में उपायुक्त महोदय ने कहा कि मन को अपने नियंत्रण में रखें । धीरे-धीरे स्वतः आप यह अनुभव करेंगे की आप पूरे एकाग्रचित्त के साथ पढ़ाई को जारी रख पा रहे है। एक अन्य छात्र ने पूछा कि सर जब हम एक समस्या को हल करते हैं तो सामने दूसरी समस्या आ जाती है इसके प्रत्युत्तर में उपायुक्त महोदय ने कहा कि ऐसा केवल आपके साथ नहीं होता है । आपके ,हमारे और यहां बैठे हुए सभी लोगों के साथ भी यही होता है । परेशानियों से डरे नहीं बल्कि डट कर उसका सामना करें निश्चित तौर पर आप उस परेशानी से बाहर निकल जायेंगे। आगे उपायुक्त महोदय ने कहा कि मैंने भी एक साधारण परिवार में जन्म लिया ।पूरी एकाग्रता के साथ लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर ही हमने आज उपायुक्त तक का सफर तय किया है। उक्त मौके पर विद्यालय के 2 छात्रों द्वारा अपने हाथों से तैयार उपायुक्त महोदय की स्केच तस्वीर भेंट की गई ।