रामगढ़ः रामगढ़ की सीट पर आजसू की सुनीता चौधरी ने जीत हासिल कर ली है। यह जीत एनडीए के लिए बड़ी है,पहले ही राउंड से सुनीता चौधरी ने 5 हजार से अधिक की बढ़त बना ली जो अंतिम- अंतिम तक 21 644 तक पहुंच गयी। सुनीता चौधरी को 115243 वोट मिले हैं जबकि दूसरे नंबर पर कांग्रेस के बजरंग महतो रहे जिन्हें 93599 वोट मिले। क्या यह जीत आने वाले चुनाव के लिए एक संकेत है। क्या कांग्रेस और जेएमएम के गठबंधन के लिए यह एक बड़ा संकेत है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद रामगढ़ उप चुनाव में जोरदार प्रचार किया था। कई सभा और रैली के साथ- साथ रोड शो के माध्यम से सरकार के कामकाज का पूरा लेखा जोखा जनता के सामने रखा था। विरोधी पार्टियों का आरोप है कि जनता ने उनके सारे काम को नकार दिया है। इस जीत को लेकर राजनीति इसलिए भी तेज है क्योंकि मुख्यमंत्री ने राज्य भर में जोहार यात्रा निकाली। कई राज्यों से होते हुए यह यात्रा रामगढ़ भी पहुंची थी। सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के माध्यम से सीधे जनता की समस्याओं को हल करने की कोशिश की गयी। मुख्यमंत्री ने इन कामों का पूरा हिसाब जनता के बीच दिया। ऐसे में चुनाव परिणाम को लेकर विरोधी हेमंत सरकार पर निशाना साध रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी और आजसू ने इस जीत को बड़ी जीत बताते हुए कहा है कि हेमंत सरकार के खोखले दावों की हवा निकल गयी है। इस जीत ने यह साफ संकेत दे दिया है कि अब जनता हेमंत सरकार को और बर्दाश्त नहीं करेगी। यह जीत 2024 के जीत का आगाज है।