रांचीः झारखंड के मौसम में कल से बदलाव होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका जतायी गयी है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने स्टेट में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं मौसम केंद्र की ओर से बताया गया है कि 15 मार्च से राजधानी रांची सहित राज्य के 14 ऐसे जिले हैं, जहां मौसम में बदलाव होगा। इन जिलों में वज्रपात के साथ-साथ मेघगर्जन हो सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से 15 से 17 मार्च तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अनुसार 15 मार्च को राज्य के पूर्वी भाग- देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज सहित निकटवर्ती मध्य भाग रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी और रामगढ़ जिले के कई इलाकों में वज्रपात के साथ-साथ मेघगर्जन भी होगा। इस दौरान रांची में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री से अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक रह सकता है। जानकारी हो कि मौसम की स्थिति को देखकर मौसम विभाग येलो, रेड, ऑरेंज और ग्रीन अलर्ट जारी करता है।
येलो अलर्टः
खराब मौसम की आगामी स्थिति को बताने के लिए मौसम विभाग येलो अलर्ट जारी करता है। ये एक तरह से खतरे की घंटी होती है। यानी मौजूदा स्थिति में बेशक खतरा नहीं है, लेकिन कभी भी मौसम की खतरनाक स्थिति आ सकती है, इसके लिए तैयार रहें।
ऑरेंज अलर्टः
इसका मतलब है कि खतरे ने दस्तक दे दी। कभी भी मौसम की खतरनाक स्थिति आ सकती है। ऐसे में संबंधित अधिकारियों को तैयार रहने व लोगों को सावधानी बरतने को कहा जाता है। रेड अलर्टः जब मौसम के बहुत ज्यादा खराब रहने और इसके कारण नुकसान होने की आशंका होती है। इसमें सुरक्षा का ध्यान रखते हुए तमाम नियमों का पालन करना चाहिए। सर्दियों में इसका मतलब ठंड की खतरनाक स्थिति और बारिश बाढ़, तूफान या नुकसानदेह बारिश से होता है। मौसम एकदम क्लीयर है और घबराने की कोई बात नहीं है। आप खुद को सुरक्षित समझें, मौसम को लेकर बेफिक्र रहें और अपने रेग्युलर काम को जारी रखें।