जामताड़ाः बुधवार को जामताड़ा में एक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गयी। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से इनकी मौत हुई है। एक ही परिवार के चार लोगों की जिनकी मौत हुई उनमें दो व्यस्क और दो बच्चे शामिल हैं। हादसे में मारे गये लोगों की पहचान देगी थाना क्षेत्र के बोध बांध गांव के हापन हांसदा, बेटे दिलीप हांसदा, भतीजा कबीर हांसदा और भतीजी तनीषा हांसदा के रूप में की गयी है। इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश था। इस हादसे में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को जामताड़ा सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक किसी शादी समारोह में हिस्सा लेने जा रहे थे। सड़क में तेज रफ्तार से आ रही ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक में सवार लोग काफी दूर जाकर गिरे। बाइक में टक्कर मारने के बाद भागने के चक्कर में टाटा मैजिक वाहन को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस गाड़ी में सवार दो लोग भी घायल हैं।