सच खबर, लखनऊः संयुक्त अरब अमीरात की मल्टीनेशनल कंपनी लुलु ग्रुप अब झांसी में एक बड़ा मॉल बनाने जा रहा है। यूपी में अब तक लुलु ग्रुप का सिर्फ लखनऊ में मॉल है। झांसी में ये प्रदेश का दूसरा मॉल होगा। ग्रुप ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। कंपनी अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने झांसी का दौरा भी कर लिया है। ग्रुप मॉल के साथ यहां फूड प्रोसेसिंग यूनिट की भी स्थापना करना चाहती है। ग्रुप ने अपना प्रस्ताव प्रशासन के समक्ष रखा। दोनों प्रोजेक्ट के लिए कंपनी की ओर से यहां जमीन की तलाश भी शुरू कर दी गई है। कंपनी मॉल के अलावा फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाने की तैयारी में है। बताया गया है कि यहां लगाई जाने वाली फूड प्रोसेसिंग यूनिट का 100ः उत्पादन निर्यात कर विदेशों में भेजा जाएगा। हालांकि यूनिट में क्या बनेगा, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। लेकिन कंपनी ने दोनों परियोजनाओं को मूर्त रूप देने के लिए झांसी में जमीन की तलाश शुरू कर दी है। लुलु ग्रुप ने पिछले साल अपना पहला मॉल लखनऊ में खोला था, जिसका मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जुलाई में शुभारंभ किया था। यह लखनऊ का सबसे बड़ा मॉल है। झांसी महानगर में अब तक कोई बड़ा मॉल नहीं है। ऐसे में अब कंपनी प्रदेश में अपना दूसरा मॉल झांसी में बनाने जा रही है। इस प्रस्ताव के साथ कंपनी के अधिकारियों ने शनिवार को उद्योग विभाग के अधिकारियों से मुलाकात भी की थी। लखनऊ में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले झांसी में अपनी इकाई स्थापित कर कारोबार शुरू करने के लिए 200 कंपनियों की ओर से प्रस्ताव दिए जा चुके हैं। ये कंपनियां यहां एक लाख 72 हजार करोड़ का निवेश करेंगी। इससे सीधे तौर पर 1 लाख 35 हजार 72 लोगों को रोजगार हासिल होगा। इनमें से 173 कंपनियों ने एक लाख 18 हजार करोड़ रुपए के निवेश के एमओयू भी साइन कर दिए हैं। उद्योग उपायुक्त मनीष चैधरी ने बताया कि झांसी में पर्याप्त जमीन उपलब्ध है। साथ ही सड़क और रेल मार्ग से पूरे देश में बेहतर कनेक्टिविटी है। यही वजह से झांसी निवेशकों की पहली पसंद बनकर उभरा है। 200 कंपनियां यहां अपनी इकाई स्थापित करने के प्रस्ताव दे चुकी हैं। 173 ने एमओयू भी साइन कर दिया है। आने वाले दिनों में झांसी कारोबार का बड़ा हब बनने जा रहा है। दुबई की कंपनी लुलु ने इस शॉपिंग मॉल को बनाया है। यह 22 लाख वर्गफीट के एरिया में है। लखनऊ के लुलु मॉल में प्रदेश के सबसे बड़े फूड पार्क के अलावा इसके अंदर 6 हजार वर्ग मीटर में फैला देश का सबसे बड़ा फन पार्क भी है। मॉल का निर्माण सुशांत गोल्फ सिटी में शहीद पथ पर करीब 22 लाख वर्गफीट में किया गया है। इस मॉल का मुख्य आकर्षण सबसे बड़ा हाइपर मार्केट और गेमिंग जोन है। इसके अलावा शादियों की खरीदारी के लिए वेडिंग एरीना और मनोरंजन के लिए 11 स्क्रीन का सुपरप्लेक्स भी यहां तैयार किया गया है। लखनऊ के लुलु मॉल में बेबी केयर रूम, बैगेज काउंटर, बेबी प्राम, कस्टमर लिफ्ट, कार वॉशिंग, पेयजल, दिव्यांगों के लिए वॉशरूम, एक्सेलेरेटर, हेलमेट पार्किंग, सूचना डेस्क, दिव्यांगों के लिए पार्किंग और गर्भवती महिलाओं के लिए पार्किंग की व्यवस्था है।