सच खबर, मेदिनीनगरः उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे ने अपने कार्यालय कक्ष में मंगलवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया.जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र से आये लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखी।उपायुक्त श्री दोड्डे ने लोगों की फरियाद सुनते हुए उनके सभी शिकायतों को संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए जल्द से जल्द जांच कर निवारण करने हेतु निर्देशित किया। जनता दरबार में पाटन के सगुना से आये मोख्तार हवारी ने उपायुक्त से गैरमजरूआ एवं परती जमीन पर भू माफियाओं द्वारा जमीन हड़पने के संबंध में शिकायत की गई। इसपर उपायुक्त ने सदर एसडीओ को त्वरित रूप से स्थल पर जाकर जांच करते हुए शाम तक प्रतिवेदन उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया। इसी तरह धावाडीह के ग्राम नौसंगा से आयी मुनि देवी ने उपायुक्त को बताया कि वो दैनिक मजदूरी पर सतबरवा प्रखंड कार्यालय में साफ-सफाई का कार्य करती आ रही है, लेकिन अक्टूबर माह से अबतक प्रखंड कार्यालय की ओर से मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है । इसपर उपायुक्त ने ऑन स्पॉट सतबरवा बीडीओ को कॉल कर भुगतान करने हेतु निर्देशित किया। इसी तरह पाटन से आये फुलचुन राम ने उपायुक्त को बताया कि कई बार पाटन अंचल कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद उनका जमीन संबंधी काम नहीं किया जा रहा है। इसपर उपायुक्त ने पाटन के अंचलाधिकारी को फोन कर उक्त फरियादी का कार्य करने एवं भविष्य में कार्यप्रणाली में सुधार लाने हेतु निर्देशित किया अन्यथा विभागीय कार्रवाई हेतु तैयार रहने की बात कही.इसी क्रम में हरिहरगंज से आए रिजवान आलम ने हरिहरगंज अंचल के कर्मचारी प्रगति प्रकाश पर म्युटेशन के बदले पैसे मांगे जाने की शिकायत की।