मैट्रिक व इंटरमीडिएट की परीक्षा को लेकर उपायुक्त ने की बैठक

सच खबर,गढ़वा।उपायुक्त रमेश घोलप की अध्यक्षता में आज वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2022 के सफल संचालन को लेकर बैठक आहूत हुई। बैठक में मुख्य रूप से जिले के वरीय पदाधिकारी, सभी क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी व प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी तथा केंद्राधीक्षक मौजूद थे। मौके पर जैक की वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट कला, विज्ञान एवं वाणिज्य परीक्षा 2022 जो आगामी दिनांक 24 मार्च से 25 अप्रैल तक दोनों पालियों में आयोजित होना है। कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण ढंग से संचालन करने हेतु उपायुक्त के द्वारा कई आवश्यक निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों से परीक्षा केंद्रों में मुहैया कराए जाने वाले विधि व्यवस्था की जानकारी ली तथा प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मझिआंव नरेश प्रसाद गुप्ता जो कि कांडी और बरडीहा के अतिरिक्त प्रभार में है व प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों धुरकी विजय कुमार पांडेय जो कि सगमा, रमना और श्री बंशीधर नगर के अतिरिक्त प्रभार में है के द्वारा निरीक्षण कार्य मे लापरवाही बरतने और अब तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं कराने को लेकर शोकॉज करने और अगले आदेश तक वेतन बंद रखने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया। साथ ही जिला शिक्षा पदाधिकारी मयंक भूषण को सभी क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी तथा प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के साथ बैठक करते हुए सभी केंद्रों में परीक्षा संचालन हेतु आवश्यक मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि व्यवस्थाओं की कमी के चलते परीक्षा में बाधा उत्पन्न होने की स्थिति में संबंधित प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी पर कार्रवाई की जाएगी। सभी अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षा कदाचार मुक्त व शांतिपूर्ण ढंग से पूरी कराई जाए। विभिन्न परीक्षा केंद्रों में आवश्यकता के अनुरूप फोर्स तथा मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। कोविड मानकों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा आयोजित की जाए तथा परीक्षा केंद्रों का सेनेटाइजेशन करवाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *