सच खबर, हुसैनाबाद। जपला दंगवार मुख्य पथ से बाराही मंदिर तक सड़क निर्माण का टेंडर प्रकाशित हो गया है। यह सड़क लगभग 25 लाख रुपए की लागत से बनायी जायेगी। हुसैनाबाद विधायक कमलेश कुमार सिंह के प्रयास से यह संभव हो सका है। विधायक ने बराही के ग्रामीणों से यह वादा किया था कि मई में होने वाले महायज्ञ से पहले मंदिर से मुख्य पथ तक के सड़क को बनवा दिया जाएगा। विधायक ने अपना वादा पूरा किया। हुसैनाबाद विधायक ने कहा कि जल्द ही सड़क बन कर तैयार हो जाएगी और मुख्य पद से लेकर मंदिर तक स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करा दी जाएगी। ज्ञात हो कि हुसैनाबाद के बनियाडीह बाराही पंचायत के बड़ा ही ग्राम में हनुमान जी की लगभग 105 फीट ऊंची प्रतिमा का निर्माण कराया जा रहा है और प्रतिमा के अनावरण के समय एक महायज्ञ का आयोजन भी किया जाना है। बराही ग्राम की जनता ने यज्ञ समिति की बैठक में विधायक कमलेश कुमार सिंह को मुख्य संरक्षक बनाया था एवं सड़क और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने की मांग की थी। हुसैनाबाद विधायक ने कहा कि इस प्रतिमा का बनना हुसैनाबाद क्षेत्र के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक गौरव की बात है और मई में होने वाले महायज्ञ को सफल बनाने के लिए वह यज्ञ समिति के सदस्य एवं हुसैनाबाद की जनता को हर संभव मदद का भरोसा दिलाते है। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता यज्ञ को सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।