सच खबर, मेदिनीनगरः महापौर अरुणा शंकर ने विरासत में मिले निगम क्षेत्र के पेयजल समस्या के तत्काल निदान हेतु 17 तारीख को 12ः बजे निगम कार्यालय में सभी पार्षदों संबंधित पीएचडी एवं निगम के पदाधिकारियों के साथ बैठक सुनिश्चित की हैं। महापौर अरुणा शंकर ने कहा कि इस वर्ष जल की समस्या विशेष होने की संभावना है, जिसके लिए निगम और पीएचडी को पहले से ही तैयारी रहना होगा। महापौर ने पार्षदों से कहा है कि आप बैठक में अपने वार्ड की निम्न जानकारी के साथ आएं, ताकि तत्काल समाधान निकाला जा सके। वार्ड में कितने चांपानल हैं; उसमें कितने चल रहे, कितने खराब हैं तथा कितने चलने योग्य नहीं है। वार्ड में कितने जीवित सरकारी कुएं हैं, जिसे सफाई कर पीने योग्य बनाया जा सकता है। वर्तमान व्यवस्था में पानी का वैकल्पिक व्यवस्था और क्या क्या किया जा सकता। वार्ड में प्रमुख लोगों की राय से पांच पॉइंट निर्धारित करें । जहां सुबह और शाम टैंकर से पानी दिया जा सके। महापौर ने पार्षदों से वार्ड के पांच गणमान्य लोगों का भी नाम और मोबाइल नंबर बैठक में उपलब्ध कराने को कहा है। वह अपने वार्ड में पार्षदों के साथ मिलकर वार्ड के पानी की व्यवस्था कराने में निगम को सहयोग करेंगे। महापौर ने कहा कि साथ ही स्वयं जरूरत पड़ने पर उन सबों के साथ वार्ड में जाकर बैठक करूंगी। महापौर ने सभी सामाजिक संस्थानों से विशेष अनुरोध किया है कि इस वर्ष ज्यादा से ज्यादा निगम क्षेत्र में पनशाला खोलें। यह एक पुण्य कार्य है और समाज की जरूरत भी है। महापौर ने कहा पनशाला के लिए पानी की चिंता ना करें निगम अलग से शुद्ध पेयजल का टैंकर चलाएगा और सभी पनशाला जहां पानी उपलब्ध नहीं होगा वहां प्रतिदिन पानी उपलब्ध कराया जाएगा। महापौर ने पीएचडी को भी हिदायत दी है कि निगम क्षेत्र अंतर्गत आने वाले अपने सभी पंप हाउस को पीएचडी दुरुस्त रखें, अगर कोई समस्या है तो बैठक में बताएं उसका निदान किया जाएगा, लेकिन लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।