सच खबर,मेदिनीनगरः झामुमो जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिन्हा के नेतृत्व में झामुमो की प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। रांची में उनसे मिल कर पलामू और मेदिनीनगर नगर निगम के विभिन्न मुद्दों से भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अवगत कराया। राजेंद्र प्रसाद सिन्हा ने बताया मुख्य रूप से बालू के मुद्दे के साथ साथ, हॉस्पिटल और निगम के खास महाल मुद्दे पर हम लोगों ने मुख्यमंत्री से चर्चा की और आम जनमानस की समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने सभी मुद्दों को ध्यान से सुना और हमें भरोसा दिलाया कि जल्द से जल्द निराकरण किया जाएगा। हम सब जानते हैं की मुख्यमंत्री का विशेष ध्यान पलामू के लोगों पर रहता है, जब भी मौका मिलता है वो पलामू का दौरा जरूर करते हैं। पानी को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कहा है कि जल्द ही पेयजल हर घर में कैसे पहुंच;े ये सुनिश्चित होगा और यहां के अस्पताल को इस काबिल बनाया जाएगा कि लोगों को रिम्स नहीं जाना पड़े। निगम के लोगों को खास महाल से जुड़े समस्याओं से जल्द छुटकारा मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल में गए झामुमो सचिव सन्नू सिद्धिकी ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मुलाकात बहुत ही सकारात्मक रही। उन्होंने काफी ध्यान पूर्वक हमारी बातें सुनीं और सभी समस्याओं का निवारण का आश्वासन दिया। सदर अस्पताल की सभी कमियों से उन्हें अवगत कराया है और झामुमो सरकार लोगों की सभी समस्याओं को सुलझाती है। ये पहली सरकार है जो लोगों की समस्याओं को ध्यान से सुनती भी है और उनके कष्टों को दूर करने का काम करती है। निगम के लोगों के पेयजल और खास महाल की समस्याओं पर सरकार का ध्यान है, बालू का मुद्दा भी जल्द सुलझा लिया जाएगा। इस मौके पर पलामू झामुमो के कोषाध्यक्ष रमेश सिंह, वशिष्ठ सिंह भी उपस्थित थे।