पीआईबी, केंद्रीय संचार ब्यूरो रांची द्वारा त्रैमासिक हिंदी कार्यशाला का आयोजन, सूचना प्रसारण मंत्रालय अंतर्गत सभी विभाग के कर्मियों ने इसमें हिस्सा लिया

रांचीः सूचना प्रसारण मंत्रालय के रांची स्थित विभागों पत्र सूचना कार्यालय और केंद्रीय संचार ब्यूरो, रांची द्वारा आज संयुक्त रूप से त्रैमासिक हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला की अध्यक्षता पीआईबी- सीबीसी, रांची के अपर महानिदेशक अखिल कुमार मिश्रा ने किया। वहीं विशेषज्ञ वक्ताओं के रूप में वरिष्ठ पत्रकार बैजनाथ मिश्र, पूर्व राज्य सूचना आयुक्त एवं संपादक सन्मार्ग तथा श्री विनय कुमार, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय में हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य, मुख्य रूप से शामिल हुए। दीप प्रज्वलन उपरांत अपने अध्यक्षीय संबोधन में पीआईबी सीबीसी के एडीजी श्री अखिल कुमार मिश्रा ने कहा कि हिंदी हमारी राजभाषा है, झारखंड एक ‘क’ क्षेत्र राज्य है, अतः मंत्रालय अपने कार्यालयों में इस मीटिंग का ससमय आयोजन कर सभी कर्मी को हिंदी में बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहन देने का कार्य करता हैं। झारखंड के पूर्व सूचना आयुक्त एवं वरिष्ठ पत्रकार बैजनाथ मिश्र ने बताया कि हिंदी में काम को आसान तरीके से किया जा सकता है । साथ ही उन्होंने हिंदी के सरल शब्दों का उपयोग करने एवं सरकारी कामकाज में अधिक से अधिक शुद्ध रूप से लिखने की बात कही। उन्होंने जोर दिया कि हिंदी आम जनों की भाषा है, यह व्यापार की भी हमारे देश में मुख्य भाषा है। अतः हिंदी भाषियों को खासतौर पर गर्व से अपनी मातृभाषा में कार्य करना चाहिए। वरिष्ठ पत्रकार विनय कुमार ने हिंदी के आज के तकनीकी युग में विकास पर बात रखते हुए कहा कि वॉइस टाइपिंग, यूनिकोड, गूगल, इत्यादि जैसे तकनीको ने हिंदी में काम करने की क्षमता को बढ़ाया है। हिंदी में काम करना अब काफी आसान है । हम चाहे तो कभी भी कहीं से अपने मोबाइल के जरिए हिंदी में अपनी रिपोर्ट या ईमेल लिख सकते हैं। आगे उन्होंने बताया कि कैसे हिंदी भाषा के ऑनलाइन उपयोग करने वालों की संख्या काफी तेजी से बढ़ रही है। गूगल रिपोर्ट के मुताबिक जहां अंग्रेजी में सर्च करने वालों की संख्या 10 से 19ः के हिसाब से प्रतिवर्ष बढ़ रही है, वहीं हिंदी सर्च करने वालों की संख्या 80 से 94ः की दर से बढ़ोतरी कर रही है। इस कार्यशाला में ऑल इंडिया रेडियो न्यूज़ डिवीजन रांची के संयुक्त निदेशक श्री अब्दुल हामिद ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि किसी भी सरकारी कार्यालय में काम करने वाले भिन्न-भिन्न क्षेत्र के लोग होते हैं । कोई हिंदी क्षेत्र का भी कर्मचारी होता है तो कोई दूसरी भाषा के क्षेत्र का। ऐसे में सबको राजभाषा में काम करने के लिए दक्षता देने हेतु कैसे सुगम ट्रेनिंग दी जाए इसके बारे में लगातार बेहतरी से काम करने की आवश्यकता है। इस कार्यशाला के आयोजन में केंद्रीय संचार ब्यूरो रांची के कार्यालय प्रमुख श्री शाहिद रहमान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने अतिथियों का फूल और पौधा देकर स्वागत किया, और धन्यवाद ज्ञापन भी किया। क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी श्रीमती महविष रहमान ने इस कार्यशाला का संचालन किया, जबकि क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी श्री गौरव पुष्कर ने विषय प्रवेश कराया, और राजभाषा के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला। क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी एवं पीआईबी रांची के कार्यालय प्रमुख श्री ओंकार नाथ पांडेय ने स्वागत भाषण दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *