लातेहारः जिले के गारू प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से ट्रैक्टरों के माध्यम से अवैध बालू परिवहन जोरों पर चल रहा है, जिससे सरकार को राजस्व की हानि हो रही है। बालू के अवैध कारोबारियों की मनमानी इस कदर बढ़ गयी है कि वे दिन के उजाले में भी खुलेआम बालू ढोते नजर आ रहे हैं। हालांकि इस पूरे अवैध धंधे पर प्रशासनिक चुप्पी समझ से परे है।
लेकिन अब ऐसे लोगों के खिलाफ गारू की जिला परिषद् सदस्य जीरा देवी एक्शन में हैं। जिसका ताजा उदाहरण कल यानी शनिवार को देखने को मिला है। जहां गारू प्रखंड के समोदटोला बालू घाट से अवैध रूप से बालू उठा रहे ट्रैक्टर को जिप सदस्य ने कस्तूरबा बालिका विद्यालय के पास से जब्त कर लिया। जबकि दूसरा वाहन बालू गिराकर फरार हो गया। जिप सदस्य जीरा देवी द्वारा जब्त वाहन की सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गयी। जिसके बाद सीओ शंभू राम ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की। जानकारी ली और जब्त वाहन को अपने साथ ले गये। जानकारी के अनुसार जब्त वाहन गोइंदी निवासी विजय प्रसाद का बताया जा रहा है। सीओ ने अवैध रूप से बालू ले जा रहे व सरकार को राजस्व की हानि करते पकड़े गये वाहन के खिलाफ कार्रवाई की है। इधर जिप सदस्य जीरा देवी ने कहा कि अवैध काम करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा।