अंतरष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आठ मार्च से 30 मार्च तक हो रहा है स्वच्छोत्सव 2023 का आयोजन

सच खबर,रामगढ़ः राज्य शहरी विकास अभिकरण, नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखंड सरकार द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च से 30 मार्चतक स्वच्छोत्सव 2023 का आयोजन किया जा रहा है जिसका उद्देश्य है कि जिस प्रकार से महिलाएं अपने घर को स्वच्छ रखती हैं उसी तरह उनकी सहभागिता आसपास के अन्य क्षेत्रों को भी स्वच्छ बनाने में सुनिश्चित करना है। अभियान के सफल आयोजन के मद्देनजर अनुमंडल पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी मोहम्मद जावेद हुसैन के द्वारा विभिन्न बैठकों के माध्यम से अधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिए गए हैं वहीं इसके लिए उन्होंने प्रशिक्षु कार्यपालक पदाधिकारी सुमित कुमार महतो को अभियान के तहत हो रहे कार्यों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया है। अभियान के उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी ने विशेष रूप से रामगढ़ जिला अंतर्गत अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य कर रही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को अभियान से जोड़ने का निर्देश दिया है साथ ही उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी अभियान से जोड़ने का निर्देश दिया। इसके लिए नगर परिषद, रामगढ़ की टीम के द्वारा नियमित रूप से सुदूरवर्ती क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को स्वच्छोत्सव 2023 को सफल बनाने में उनके योगदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही अभियान के तहत बेहतरीन कार्य करने वाली महिलाओं को मिलने वाले पुरस्कार के प्रति भी जानकारी दी जा रही है। स्वच्छोत्सव 2023 के तहत बेहतरीन कार्य करने वाली महिलाओं को महिला आइकन अग्रणी स्वच्छता पुरस्कार 2023 से नवाजा जाएगा। महिला आइकन अग्रणी स्वच्छता पुरस्कार 2023 का उद्देश्य महिलाओं के नेतृत्व वाले संगठनों और व्यक्तियों को पहचानना और सम्मानित करना है जो विभिन्न पहलुओं के माध्यम से सरकारी स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन में बदलाव का नेतृत्व कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *