बुधवार को समहारणालय के सभाकक्ष में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा विश्व जल दिवस के अवसर पर उपायुक्त गढ़वा, शेखर जमुआर की अध्यक्षता में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल प्रदीप कुमार सिंह, सिविल सर्जन डॉक्टर अनिल कुमार सिंह एवं मौके पर उपस्थित जनप्रतिनिधि एवं जलसहियाओं द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। 22 मार्च 2023, विश्व जल दिवस के तहत दिनांक 1 मार्च से 22 मार्च तक जल जीवन मिशन के तहत जल संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने हेतु अभियान चलाया जा रहा है एवं हर घर जल उत्सव मनाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य जल संग्रहण कर पानी की उपलब्धता बनाए रखना है। उक्त कार्यशाला में उपायुक्त श्री जमुआर द्वारा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के तहत चलाए जा रहे विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई तथा कार्यों को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने 1 अप्रैल से 10 अप्रैल तक गांव गांव एवं टोला स्तर पर मुहिम चलाकर चापानल के पास प्रत्येक गांव में सोकपीट निर्माण कराने का निर्देश दिया। उक्त सोकपिट का निर्माण पेयजल स्वच्छता विभाग एवं मनरेगा तथा 15जी फाइनेंस के तहत बनाए जाने की बात कही। इसके लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता को पंचायती राज पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने की बात कही। कार्यशाला के दौरान जल जीवन मिशन के मुख्य उद्देश्य से प्रोजेक्टर के माध्यम से उपस्थित सभी लोगों को अवगत कराया गया। बताया गया कि सन 2024 तक भारत में प्रत्येक घरों को नल जल के माध्यम से हर घर शुद्ध पेयजल मुहैया कराना है।