सच खबर, हुसैनाबादः हुसैनाबाद-हरिहरगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक कमलेश कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र में पेयजल संकट का निदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि झारखण्ड प्रदेश के हुसैनाबाद – हरिहरगंज विधानसभा क्षेत्र में पेयजल का घोर संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा है कि विगत वर्ष बरसात में औसत से भी काफी कम बारिश होने के कारण भूगर्भीय जल का स्तर पहले की तुलना में 70 से 80 फिट निचे चला गया है । फलस्वरूप सरकारी एवं निजी नलकूप एवं पेयजल कूप सूख गए हैं । परिणाम स्वरूप आमजनों के बीच पेयजल के लिए हाहाकार मचा हुआ है। विधानसभा क्षेत्र में भारत सरकार द्वारा संचालित हर घर जल-नल की महत्वाकांक्षी योजना प्रारंभ नहीं हो सका है। पलामू जिला भारत सरकार के आकांक्षी जिलों की सूची में सम्मिलित है। उन्होंने लिखा है की पालतू जानवर के साथ साथ जंगली जानवरों के बीच भी पेयजल का घोर संकट उत्पन्न हो गया है। परिणाम स्वरूप जंगली जानवर पेयजल के खोज में जंगलों से बाहर गाँवों में आ जाते हैं। जिससे जान माल का नुकसान हो रहा है।उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि झारखंड प्रदेश के हुसैनाबाद – हरिहरगंज विधानसभा क्षेत्र में पेयजल की सुगम उपलब्धता हेतु यथाशीघ्र वैकल्पिक व्यवस्था कराने हेतु आवश्यक कारवाई करने का आग्रह किया है। ताकि आने वाले भयंकर त्रासदी से बचा जा सके।