रांचीः प्रदेश भाजपा प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने रविवार को कहा कि झारखंड में हेमंत सरकार को बदलने का समय आ गया है। राज्य सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। यह सरकार अपने भ्रष्टाचार, वादाखिलाफी और तुष्टीकरण के कारण जनता की नजरों में गिर चुकी है। इसे युवाओं, गरीबों, किसानों, महिलाओं, पिछड़ों, आदिवासी और दलितों की आह लग चुकी है। यह सरकार अपने कृत्यों से ही गिरने को तैयार है। झारखंड मंत्रालय घेराव कार्यक्रम में शामिल होने रांची पहुंचे वाजपेयी ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संवैधानिक तरीके से वर्तमान सरकार को हटाने के लिए कोशिश करते रहेंगे। पार्टी जब तक हेमंत सोरेन को सत्ता से हटा नहीं देती, आंदोलन चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी नेता लोगों के बीच जाकर सरकार की करतूतों से उन्हें अवगत करा रहे हैं। इसी क्रम में 11 अप्रैल को घेराव कार्यक्रम है। भाजपा ने झामुमो नेता सुप्रियो भट्टाचार्य के बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा के हेमंत हटाओ, झारखंड बचाओ आंदोलन के क्रम में रांची पहुंच रही जनता की आहट से झामुमो घबराया हुआ है। उसके नेताओं के अभी से पसीने छूटने लगे हैं। जनाक्रोश के आगे हेमंत सरकार की कुर्सी हिलती नजर आ रही है। अविनेश ने दावा किया कि सरकार के भ्रष्टाचार की परत अब आम जनता के बीच खुलने लगी है।