सच खबर, मेदिनीनगरः शुक्रवार को संत मरियम स्कूल के सभी शाखाओं में बाबा साहब अंबेडकर की जयंती मनाई गई । स्कूल के चेयरमैन श्री अविनाश देव द्वारा बाबा साहब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कार्यक्रम की शुरुआत किया गया । उपस्थित छात्र और शिक्षकों को संबोधित करते हुए श्री अविनाश देव ने कहा कि हम सभी को इनके अथक संघर्ष, दृढ़ निश्चय और दूरदृष्टि से प्रेरणा लेनी चाहिए । जब हमारा समाज कुछ चंद लोगों के चंगुल में कैद था, वैसे विपरीत परिस्थितियों में भी समाज के निचले तबकों के संपूर्ण स्वतंत्रता हेतु बाबा साहब ने अथक संघर्ष किया परिणाम स्वरूप आज भारतवर्ष में निम्न तबके के लोग भी अपनी आवाज को बुलंदी के साथ बोल पाते हैं आगे श्री देव ने कहा कि जब एक ओर हमारे देश में ब्रिटिश हुकूमत कायम थी वही दूसरी ओर शिक्षा स्वास्थ्य जैसे संसाधनों पर कुछ विशेष वर्गों का एकाधिकार था। इन तमाम मुश्किलों में जीवन यापन करते हुए उन्होंने 32 से ज्यादा डिग्रियां हासिल कर, एक नया कीर्तिमान स्थापित किया था । हम सभी को इनके संघर्ष, विचार, को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए तभी एक बेहतर समृद्ध और विकसित भारत का निमार्ण संभव है । आज की जयंती के अवसर पर स्कूल परिसर में भाषण और पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें बच्चों ने उत्साह पूर्वक हिस्सा लिया । भाषण प्रतियोगिता में अंशु दुबे को प्रथम एवं खुशबू सोनी को द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ वही पेंटिंग प्रतियोगिता में साक्षी कुमारी 5 अ , पायल गुप्ता 10 अ एवं तेजस्वी राज 7 स विजयी घोषित हुए।