पीएम मोदी ने पूर्वाेत्तर का पहला एम्स देश को किया समर्पित, तीन मेडिकल कॉलेज का भी किया उद्घाटन

गुवाहाटीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पूर्वाेत्तर के पहले अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), गुवाहाटी के साथ ही तीन मेडिकल कॉलेज को राष्ट्र को समर्पित किया. इसके अलावा उन्होंने असम एडवांस्ड हेल्थ केयर इनोवेशन इंस्टीट्यूट का शिलान्यास किया और पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना कार्ड वितरित करके ‘आपके द्वार आयुष्मान’ अभियान की शुरुआत की.इससे पहले, असम के वसंत उत्सव ‘रोंगाली बिहू’ के पहले दिन शुक्रवार को एक दिवसीय यात्रा पर गुवाहाटी पहुंचने पर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी की. प्रधानमंत्री मोदी ने मई 2017 में एम्स, गुवाहाटी अस्पताल का शिलान्यास भी किया था. कुल 1120 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित, एम्स गुवाहाटी 30 आयुष बिस्तरों सहित 750 बिस्तरों वाला एक अत्याधुनिक अस्पताल है. इस अस्पताल में हर साल 100 एमबीबीएस के छात्रों की वार्षिक प्रवेश क्षमता होगी. यह अस्पताल उत्तर पूर्व के लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगा.प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर नलबाड़ी मेडिकल कॉलेज , नागांव मेडिकल कॉलेज , और कोकराझार मेडिकल कॉलेज को भी राष्ट्र को समर्पित किया.।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *