छतरपुर। नौडीहा बाजार पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियार लहराने एवं हथियार के साथ फोटो वायरल करने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। नौडीहा बाजार थाना प्रभारी अमन कुमार ने बताया कि बुधवार को यह सूचना प्राप्त हुई थी नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के गौतम कुमार ग्राम कउवल थाना नौडीहा बाजार का फोटो देशी पिस्टल के साथ वायरल हो रहा है। जिस पर कार्रवाई करते हुए जब सत्यापन हेतु पुलिस गौतम कुमार के घर पहुंची तो पुलिस को देखते ही गौतम कुमार भागने का प्रयास करने लगा ,लेकिन वहां मौजूद पुलिस बल के द्वारा उक्त युवक को पकड़ लिया गया। पूछताछ करने पर युवक ने बताया कि उक्त देशी पिस्टल नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के नीमा निवासी चितरंजन यादव का है, तत्पश्चात पुलिस ने नीमा क्षेत्र चितरंजन यादव के यहां छापेमारी कर तथा पूछताछ करने पर चितरंजन यादव ने बताया कि उक्त हथियार बिहार राज्य के मैगरा के रहने वाले अरुण राम का है तथा उक्त देशी कट्टा मनन दोहर स्थित जितेंद्र यादव के घर के पीछे झाड़ियों में छुपा कर रखा है। जिसकी निशानदेही पर मनन दोहर स्थित जितेंद्र यादव के पक्का मकान के पीछे लगे झाड़ी में प्लास्टिक में बंधा हुआ देशी पिस्टल बरामद किया गया। पुलिस द्वारा दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ं/26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इस छापेमारी दल में नौडीहा बाजार थाना प्रभारी अमन कुमार, हवलदार युगल किशोर राम, आरक्षी कन्हाई यादव, आरक्षी संजय ठाकुर, आरक्षी चंदन दुबे तथा आरक्षी महेंद्र कुमार रवि शामिल रहे।