सच खबर, मेदिनीनगरः जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे ने शुक्रवार को साप्ताहिक जनता दरबार में जिले के दूर-दराज ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से आये 30 से अधिक फरियादियों की समस्याओं से अवगत हुए.उपायुक्त श्री दोड्डे ने संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को उक्त मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिये.इस दौरान कई मामलों का ऑन स्पॉट निष्पादन भी किया गया.वहीं कई मामलों का त्वरित निष्पादन के लिए उपायुक्त ने संबंधित विभाग के पदाधिकारी को आवेदन हस्तांतरित कर मामले के त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. आयोजित जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि संबंधित मामले,मुफ्त विद्युत कनेक्शन,आपूर्ति संबंधित मामले,आवास व पेंशन समेत अन्य मामले आये.
जनता दरबार में लेस्लीगंज के गेठा निवासी जितेंद्र कुमार सिंह ने अपने सात वर्षीय पुत्र दिव्यांशु राज जो कि कैंसर पीड़ित बच्चा है उसके लिये आर्थिक मदद की मांग की.उन्होंने उपायुक्त को बताया कि बच्चे के इलाज में अब तक 15 लाख से अधिक रुपये खर्च हो गये हैं फिर भी इलाज जारी है साथ ही उन्होंने रिम्स में आयुष्मान कार्ड को मान्य नहीं देने की भी शिकायत की इसपर उपायुक्त ने तत्काल 30 हज़ार रुपये की आर्थिक मदद की साथ ही स्वास्थ्य के डीपीएम को उनके आयुष्मान कार्ड से संबंधित अड़चन को दूर करने हेतु निर्देशित किया.इसी तरह एक अन्य कैंसर पीड़ित वृद्ध को उपायुक्त ने 20 हज़ार रुपये का आर्थिक सहयोग किया. जनता दरबार में पाटन के ग्राम मेराल से आयी कलावती देवी ने उपायुक्त को बताया कि 10 जुलाई 2022 को 33 हज़ार वोल्ट का तार गिर जाने के कारण उनके पति मिथिलेश राम का देहांत हो गया है.उन्होंने कहा कि उनके पति के जाने के बाद घर में दूसरा कोई कमाने वाला सदस्य नहीं बचा है उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं जिनका भरण पोषण मुश्किल हो रहा है.अतः उन्होंने उपायुक्त से मुआवजा दिलाने हेतु अनुरोध किया इसपर उपायुक्त ने ऑन स्पॉट बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता को बुलाकर उक्त महिला को मुआवजा देने की बात कही.