सच खबर,लातेहारः जिले में अवैध खनन के रोक थाम को लेकर सोमवार 24 अप्रैल को उपायुक्त भोर सिंह यादव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उपायुक्त द्वारा अवैध खनन, परिवहन व भंडारण की रोकथाम के लिए पूर्व के बैठक में लिए गए निर्देशों के आलोक में हुए कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने जिला अंतर्गत अवैध खनन भंडारण एवं परिवहन रोकने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों , थाना प्रभारियों को संयुक्त रूप से औचक छापेमारी करने एवं इसमें संलग्न व्यक्तियों पर कारवाई करने का निर्देश दिया एवं अनियमितता पाए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने की बात कही गई। बैठक में जिलांतर्गत कोयला व बालू के अवैध खनन, परिवहन व भंडारण, जांच, रॉयल्टी संग्रहण, आदि की गहन समीक्षा कर आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने जिला खनन पदाधिकारी को अवैध खनन, परिवहन और भंडारण में संलग्न व्यक्तियों पर दर्ज प्राथमिकी की संख्या के बारे में जानकारी लेते हुए कई आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी परियोजनाओं के महाप्रबंधकों, प्रतिनिधियों, अंचल अधिकारियों सहित अन्य अधिकारियों को उनके क्षेत्रों में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए किए जा रहे डोजरिंग सहित अन्य कार्यों से संबंधित प्रतिवेदन ससमय जिला स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।