सच खबर, मेदिनीनगरः भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी पलामू जिला सचिव सह भाकपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य रुचिर कुमार तिवारी ने दिल्ली में पिछले तीन दिनों से धरने पर बैठी महिला पहलवान और इस विषय पर प्रधानमंत्री, खेल मंत्री एवं भाजपाइयों की चुप्पी पर चिंता व्यक्त की है। श्री तिवारी ने कहा कि एक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2014 के चुनाव जीतने के बाद संसद के सीढ़ियों को चूम कर संसद के अंदर प्रवेश प्रवेश किया था और देश के खिलाड़ी जब पदक जीते हैं तब वे अपनी पीठ थपथपाते नहीं थकते तो वहीं दूसरी ओर भाजपा सांसद सब भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ब्रिज भूषण शरण सिंह के ऊपर महिला पहलवान यौन उत्पीड़न का आरोप लगाती है। इस पर देश के प्रधानमंत्री खामोश रहते हैं और पुलिस उनके सांसद के खिलाफ एफआईआर तक नहीं करती। ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा केवल उन्होंने अखबारों और विज्ञापनों में छपने के लिए दिया था। उनकी खामोशी ने देश की बेटियों को भाजपा के सांसद द्वारा खुले रूप से उत्पीड़न करने का छूट दे रखी है। श्री तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री को इन्हें भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष पद से तुरंत निष्कासित कर उन पर एफ आई आर दर्ज करवानी चाहिए। गौरतलब हो कि काफी प्रदर्शन करने के बाद माननीय न्यायालय ने इस पर संज्ञान लिया है और दिल्ली पुलिस को तुरंत एफ आई आर दर्ज करने का आदेश दिया है, जो स्वागत योग्य है।