सच खबर, गढ़वाः उपायुक्त गढ़वा, शेखर जमुआर ने आज समाहरणालय के सभा कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया। जनता दरबार में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं उसके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। जनता दरबार में भूमि सीमांकन, भूमि विवाद, पेयजल, राशन, खनन, ऋण समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए ग्रामीणों की बारी-बारी से उपायुक्त ने समस्या सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया। सर्वप्रथम धुरकी प्रखंड के पुतुर ग्राम निवासी चंदन कुमार यादव, पिता- उदय यादव ने मुख्यमंत्री स्वजन रोजगार योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन किया। उपायुक्त ने आवेदन की जांच एवं लाभुक को ऋण का लाभ दिलाने हेतु जिला कल्याण पदाधिकारी को अग्रेतर कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। मेराल प्रखंड के लोआदाग ग्राम निवासी तेतरी देवी, पति- राम गहन राम ने बताया कि उन्होंने नए राशन कार्ड बनवाने हेतु ऑनलाइन आवेदन किया एवं आवेदन अब तक लंबित है, उपायुक्त मामले में कार्रवाई हेतु जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देशित किया। वहीं गढ़वा प्रखंड के ग्राम परिहारा निवासी राजेश्वर राम, पिता-स्वर्गीय रामपृत राम ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण कराया है। इन्होंने दूसरे किस्त की राशि का भुगतान नहीं होने से संबंधित आवेदन दिया। उपायुक्त ने मामले में संज्ञान लेते हुए अविलंब किस्त की राशि भुगतान करने हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी गढ़वा को निर्देशित किया। इस प्रकार बारी बारी से लोगों ने विभिन्न प्रकार की समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। आमजनों से प्राप्त शिकायतों का समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।