बीजेपी एसटी मोर्चा के मनातू मंडल अध्यक्ष प्रमोद सिंह की हत्या , पेड़ से लटकता मिला शव , परिजनों ने किया सड़क जाम

सच खबर, मेदिनीनगर: बीजेपी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के मनातू मंडल अध्यक्ष प्रमोद सिंह का शव पेड़ पर लटकता मिला। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच अस्पताल भेज दिया। परिजनों के अनुसार, प्रमोद सिंह बुधवार शाम 5 बजे घर से निकले थे। रात में वे घर नहीं लौटे। प्रमोद सिंह की बाइक गांव में सड़क किनारे मिली। वहीं उनका शव सुनसान इलाके से बरामद किया गया। परिजनों का आरोप है कि प्रमोद सिंह की हत्या कर दी गई। आक्रोशित परिजनों ने सेमरी- मनातू मुख्य पथ को जाम कर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना पाकर पांकी विधायक डॉ शशिभूषण मेहता, लेस्लीगंज के एसडीपीओ आलोक टूटी, मनातू के थाना प्रभारी कमलेश कुमार दल बल के साथ पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटाया। पांकी विधायक डॉ शशिभूषण मेहता ने कहा कि प्रमोद सिंह की हत्या हुई है। इससे पार्टी को नुकसान पहुंचा है। वह अपने स्तर से और पार्टी के स्तर से भी सहयोग दिलाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना की हम निंदा करते हैं। पुलिस प्रशासन से आग्रह करते हैं कि जल्द मामले का खुलासा कर दोषियों को कड़ी सजा दे। प्रशासन को यह भी ध्यान में रखना होगा कि दोषी बचे नहीं और निर्दाेष फंसे नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *