अभाविप ने कुलपति को एस.एस.जे.एस. नामधारी महाविद्यालय, गढ़वा में व्याप्त भ्रश्टाचार पर रोक की लगाने को लेकर तीन सूत्री मांग पत्र सौंपा

सच खबर, मेदिनीनगरः अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रदेश सहमंत्री निशांत चतुर्वेदी के नेतृत्व में नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति को एस.एस.जे.एस. नामधारी महाविद्यालय, गढ़वा में व्याप्त आर्थिक भ्रष्टाचार पर रोक लगाने एवं दोषियों पर कार्यवाही संबंधित तीन सूत्री मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि नामधारी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. धर्मचंद्र लाल अग्रवाल व तत्कालीन अर्थपाल डॉ ब्रह्मदेव सिंह द्वारा महाविद्यालय में कार्यरत 7 लैब सहायक व एक आदेशपाल का वर्ष 1996 से 2000 एवं 2007 तक का एरियर करीब 30 लाख रुपए का भुगतान किया गया है, जबकि वर्ष 1996 से 2000 एवं 2007 तक की उपस्थिति पुस्तिका में कहीं भी उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं है। ऐसे में उनका भुगतान किस आधार पर हुआ इसकी जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने पर दोषियों पर कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जानी चाहिए। साथ ही नामधारी महाविद्यालय में नैक कराने हेतु विश्वविद्यालय द्वारा लगभग 27,15,504 रुपए आवंटित की गई थी। नैक मद में प्राप्त राशियों के व्यय की वृहद जांच कराने हेतु विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने कुलपति से मांग किया। प्रदेश सहमंत्री निशांत चतुर्वेदी ने कहा कि नामधारी महाविद्यालय में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है नैक के मामले को लेकर के भी कुलपति को ज्ञापन सौंपा गया था लेकिन उस विषय पर भी कोई संतोषजनक कार्यवाही नहीं हुई, लेकिन इस बार मामला बहुत ही गंभीर हैं और विषय को गंभीरता से लेते हुए यदि इस पर कार्यवाही नहीं की जाएगी तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन करने हेतु बाध्य होगा। विभाग संयोजक मंजुल शुक्ला ने कहा कि नामधारी महाविद्यालय आर्थिक भ्रष्टाचार का केंद्र बन गया है। प्राचार्य के संरक्षण में आर्थिक लूट फल फूल रहा है। यह महाविद्यालय के शैक्षणिक माहौल को दिन प्रतिदिन दूषित करता जा रहा है। ऐसी परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए दोषियों पर कठोर कार्यवाही हो विद्यार्थी परिषद मांग करती है। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विनीत पांडे ने कहा कि कुलपति मामले को संज्ञान में लेकर कार्यवाही करें, जिससे कि महाविद्यालय और विश्वविद्यालय में भ्रष्ट पदाधिकारियों को यह संदेश पहुंचे कि भ्रष्टाचार करने वाले को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक रोहित देव गढ़वा जिला सह संयोजक कुमार शुभेंद्र, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शुभम तिवारी,शेखर गुप्ता, गोविन्द मेहता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *