रांची में पांच नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने किया सरेंडर, एक पर 10 तो दूसरे पर था 5 लाख का इनाम

सच खबर, रांचीः झारखंड की राजधानी रांची में पांच माओवादियों ने सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें से दो माओवादियों पर कुल 15 लाख रुपये का इनाम था। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों में ‘जोनल कमांडर’ अमरजीत यादव उर्फ लखन यादव, ‘सब जोनल कमांडर’ शाहदेव यादव उर्फ लतन यादव, ‘सब जोनल कमांडर’ नीरू यादव उर्फ सालिम,‘सब जोनल कमांडर’ संतोष भुइयां उर्फ सुखन और सदस्य अशोक बैगा उर्फ अशोक परहिया शामिल हैं। इनमें से अमरजीत यादव पर दस लाख तथा शाहदेव यादव पर पांच लाख रुपये का इनाम था। पुलिस महानिदेशक (अभियान) अमोल वी होमकर ने कहा, ‘ये पांचों माओवादी झारखंड के चतरा, पलामू और हजारीबाग जिले तथा बिहार के गया और औरंगाबाद जिले के विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज मामलों में वांछित हैं।श्उन्होंने बताया कि अमरजीत की 81 मामलों में,शाहदेव की 53, नीरू की 60, संतोष की 27 और अशोक की दो मामलों में तलाश थी। उन्होंने कहा, ‘सुरक्षा बल क्षेत्र में उग्रवादियों के खिलाफ पिछले एक वर्ष से अभियान चला रहे थे। आज के आत्मसमर्पण के बाद कौलेश्वरी उप मंडल उग्रवादियों के चंगुल से लगभग मुक्त हो गया है। ’ उन्होंने कहा कि माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर भारी मात्रा में असलहा और गोला बारूद बरामद किया गया है। इस सरेंडर को झारखंड में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। हाल ही में छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले के बाद झारखंड में नए तरीके से माओवादियों पर नकेल कसने की कवायद शुरू की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *