जमीन विवाद के समाधान को लेकर समाहरणालय में आयोजित हुई महत्वपूर्ण बैठक

डीसी ने दिए विवादों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश

गढ़वा:
जिले में बढ़ते भूमि विवादों पर नियंत्रण एवं समाधान को लेकर समाहरणालय सभागार में सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री दिनेश कुमार यादव ने की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार सहित जिले के तमाम राजस्व और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में उपायुक्त श्री यादव ने कहा कि भूमि विवादों का त्वरित एवं न्यायसंगत निपटारा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी अंचल अधिकारी (सीओ) एवं थाना प्रभारी आपसी समन्वय के साथ काम करें और जमीन से जुड़े मामलों का शांतिपूर्ण व समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

गलत दस्तावेजों से होती है खरीद-बिक्री
उपायुक्त ने चिंता जताते हुए कहा कि जनसुनवाई के दौरान अधिकतर मामले जमीन विवाद से जुड़े होते हैं। कई बार लोग गलत दस्तावेजों का उपयोग कर जमीन की खरीद-बिक्री करते हैं, जिससे विवाद उत्पन्न होते हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि विवादों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए, बल्कि नियमानुसार शीघ्र निपटारा किया जाए।

पुलिस अधीक्षक ने दिए वीडियोग्राफी के निर्देश
पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार ने थाना दिवस के माध्यम से भूमि विवादों का समाधान करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बंटवारे से संबंधित मामलों में अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी की जाए, ताकि भविष्य में कोई भ्रम की स्थिति न उत्पन्न हो। साथ ही उन्होंने 144 के आदेश में स्पष्ट तिथि का उल्लेख करने और सभी भूमि अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

समन्वय से ही मिलेगा समाधान
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि राजस्व एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय से काम करेंगे और विवादों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करेंगे। बैठक में अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, तीनों अनुमंडलों के अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी तथा राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *