उप विकास आयुक्त ने मनरेगा, आवास, शिक्षा, कृषि व समाज कल्याण योजनाओं की समीक्षा की

लातेहार: योजनाओं को पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ क्रियान्वित करने का निर्देश

लातेहार।
समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त श्री सैय्यद रियाज अहमद की अध्यक्षता में मंगलवार को विभिन्न विभागों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में मनरेगा, अबुआ आवास योजना, शिक्षा, कृषि और समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मनरेगा योजनाओं में गति लाने का निर्देश
मनरेगा के अंतर्गत लंबित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने, मजदूरों को समय पर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने और कार्यस्थलों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से बागवानी योजना के अंतर्गत नए आम बागान लगाने के लिए पीट खुदाई कार्य में तेजी लाने को कहा गया।

अबुआ आवास योजना व शिक्षा विभाग की समीक्षा
अबुआ आवास योजना की समीक्षा के दौरान अधूरे आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा लाभुकों को स्वीकृति व किस्तों के भुगतान की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए गए। वहीं शिक्षा विभाग से छात्रवृत्ति, आधार सीडिंग व नामांकन की अद्यतन जानकारी ली गई।

कृषि व समाज कल्याण योजनाओं पर विशेष जोर
कृषि विभाग को बीज वितरण समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। समाज कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए उप विकास आयुक्त ने पोषण ट्रैकर, आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली और सेविकाओं की उपस्थिति पर विशेष निगरानी रखने की बात कही।

‘धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान’ पर विशेष चर्चा
बैठक में “धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान” के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर सर्वे कार्य पूर्ण कर जनजातीय समुदायों को योजनाओं का समुचित लाभ दिलाया जाए।

बैठक में आईटीडीए निदेशक श्री प्रवीण कुमार गगराई, डीआरडीए निदेशक श्री प्रभात रंजन चौधरी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी समेत सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *