राजनीतिक दल सभी मतदान केंद्रों पर बीएलए नियुक्त करें: के. रवि कुमार

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ की बैठक

रांची।
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने गुरुवार को निर्वाचन सदन में झारखंड के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी दलों से आग्रह किया कि वे प्रत्येक मतदान केंद्र पर अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति सुनिश्चित करें, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक मतदान केंद्र स्तर पर बीएलए-2, जबकि जिला/विधानसभा स्तर पर बीएलए-1 की नियुक्ति की जाए और संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को उनकी सूची शीघ्र प्रदान की जाए। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाए कि नियोजित बीएलए उसी मतदान केंद्र का मतदाता हो।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और बीएलए के बीच समन्वय आवश्यक है, ताकि एक भी मतदाता सूची से वंचित न हो। उन्होंने यह भी बताया कि बीएलए को कुछ शर्तों के तहत मतदाता सूची की प्रारूप प्रतियाँ प्राप्त करने, फॉर्म जमा करने आदि के अधिकार दिए गए हैं।

बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री देव दास दत्ता, तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *