निविदा पूर्ण योजनाओं का शीघ्र शिलान्यास कर कार्य प्रारंभ करने का निर्देश
सच खबर मेदिनीनगर, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी समीरा एस की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिले के विभिन्न तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, परियोजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की गहन समीक्षा करना था।
बैठक में उपायुक्त ने पाया कि कई योजनाओं की निविदा प्रक्रिया पूरी हो जाने के बावजूद उन पर अब तक कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। इस पर उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि ऐसी सभी योजनाओं का शीघ्र शिलान्यास कर कार्य प्रारंभ किया जाए, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे संवेदकों के साथ समन्वय स्थापित करें और योजनाओं को समयबद्ध ढंग से शुरू कराना सुनिश्चित करें।
जानकारी के बिना पहुंचे प्रतिनिधि पर जताई नाराजगी
बैठक में कुछ विभागों के कार्यपालक अभियंता परीक्षा ड्यूटी में व्यस्त रहने के कारण अनुपस्थित रहे और उनके स्थान पर भेजे गए सहायक अभियंताओं को योजनाओं की पूरी जानकारी नहीं थी। इस पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए कहा कि भविष्य में यदि कोई पदाधिकारी प्रतिनिधि भेजता है तो वह संपूर्ण जानकारी के साथ उपस्थित हो, अन्यथा समीक्षा प्रक्रिया बाधित होती है।
भूमि आवंटन की समस्या को लेकर निर्देश
बैठक के दौरान यह भी सामने आया कि कई योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बावजूद भूमि आवंटन नहीं हो पाया है। इस पर उपायुक्त ने ऐसे मामलों को चिन्हित कर संबंधित अंचल अधिकारियों से संपर्क साधा और भूमि विवादों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए।
हर माह हो प्रगति की समीक्षा
बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न विभागों से पिछले बैठक की तुलना में अद्यतन प्रगति रिपोर्ट मांगी। कई पदाधिकारियों द्वारा पिछली बैठक की ही रिपोर्ट पुनः प्रस्तुत किए जाने पर उपायुक्त ने नाराजगी जाहिर की और कहा कि प्रत्येक माह कार्य में प्रगति स्पष्ट रूप से दिखनी चाहिए।
निरीक्षण व गुणवत्ता पर भी दिया बल
भवन निर्माण निगम के अभियंताओं को उन्होंने विभागीय योजनाओं का नियमित निरीक्षण करने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और कार्य को निर्धारित अवधि में पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता को एकलव्य विद्यालय की बिजली संबंधी समस्याएं शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया गया, साथ ही स्मार्ट मीटर इंस्टालेशन समेत अन्य कार्यों की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि योजनाएं पूर्ण हो जाने के पश्चात निर्धारित प्रक्रिया के तहत त्वरित रूप से संबंधित विभाग को भवन या ढांचा हस्तांतरित किया जाए, जिससे वह जनता के उपयोग में लाया जा सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. असीम कुमार, एवं विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।








