जिले के सभी अंचलों में विशेष राजस्व शिविर का आयोजन दाखिल-खारिज, नामांतरण, प्रमाण-पत्र जैसे मामलों का ऑन स्पॉट समाधान होगा
सच खबर चतरा, राजस्व से संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन एवं आम नागरिकों को उनके द्वार पर ही सुलभ एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चतरा जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की गई है। उपायुक्त श्रीमती कीर्तिश्री के निर्देश पर जिले के सभी १२ अंचलों में विशेष राजस्व शिविरो का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का आयोजन दो चरणों (टर्म–१ एवं टर्म–२) में किया जाएगा।
शिविर का उद्देश्य
– आमजनों को उनके निकटतम अंचल में ही राजस्व सेवाएं देना।
– दाखिल-खारिज, नामांतरण, बंटवारा, प्रमाण-पत्र निर्गमन जैसे मामलों का ऑन स्पॉट निपटारा।
– लंबित आवेदनों का त्वरित समाधान एवं भूमि रिकार्ड में त्रुटियों का सुधार।
– राजस्व प्रक्रिया के प्रति जन-जागरूकता उत्पन्न करना।
शिविर की तिथि एवं स्थान
प्रत्येक अंचल कार्यालय परिसर में पूर्वाह्न १० बजे से शिविर आयोजित होगा।
प्रथम चरण (टर्म–१)
१६ जुलाई से १८ जुलाई २०२५ – अंचल : चतरा, गिद्धौर, कुंदा, लावालौंग, हंटरगंज, प्रतापपुर
२१ जुलाई से २३ जुलाई २०२५ – अंचल : सिमरिया, टंडवा, पत्थलगड़ा, कान्हाचट्टी, इटखोरी, मयूरहंड
द्वितीय चरण (टर्म–२)
२९ जुलाई से ३० जुलाई २०२५ – सभी अंचलों में एक साथ शिविर
शिविर की विशेषताएं
– संबंधित अंचल अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
– दाखिल-खारिज, भू-प्रमाण पत्र, आय/जाति/आवासीय प्रमाण पत्र, नामांतरण, बंटवारा आदि कार्य ऑन स्पॉट किए जाएंगे।
– जनता को आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।
– शिविर की जियो टैग फोटो एवं वीडियो जिला स्तर पर संकलित की जाएगी।
प्रचार-प्रसार के निर्देश
उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रचार-प्रसार माइकिंग, पोस्टर, बैनर और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सूचना पहुंचे।
अपील
जिला प्रशासन, चतरा सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने निकटतम अंचल कार्यालय में पहुँचकर इस विशेष शिविर का लाभ लें और अपने राजस्व संबंधी मामलों का समाधान कराएं।
– जिला जनसंपर्क कार्यालय, चतरा