सच खबर, गढ़वा। जिले में योग्य लाभुकों को पीडीएस डीलर्स के माध्यम से खाद्यान उपलब्ध कराए जाने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की कालाबाजारी और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अनुमंडल पदाधिकारी व प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अपने स्तर से इसकी गहन जांच शुरू करें और दोषी पाए जाने वाले डीलर्स के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करते हुए लाइसेंस को बर्खास्त किया जाए। उक्त बातें जिला आपूर्ति विभाग की ओर से आयोजित पीडीएस डीलर्स की बैठक में उपायुक्त रमेश घोलप ने कहीं देर शाम उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिले के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, एजीएम व पीडीएस डीलर्स के साथ अनुमंडलवार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। मौके पर उपायुक्त ने कहा कि समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में निरंतर खाद्यान्न व राशन कार्ड से संबंधित शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तथा पीडीएस डीलर सचेत हो जाए। यह सुनिश्चित किया जाए की सभी योग्य लाभुकों को सही समय और सही क्वांटिटी के साथ राशन दिया जाए। मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि कैरोसिन के मूल्य को लेकर भी शिकायतें प्राप्त हो रही थी, आगामी 2 से 3 दिनों के भीतर कैरोसिन तेल का मूल्य तय करने की प्रक्रिया पुरी कर ली जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि हमे यह शिकायत भी प्राप्त हो रही है कि राशन हेतु डीलर्स के द्वारा लाभुकों का अंगूठा लगवाकर एडवांस पर्ची निकाली जाती है, जो नियम के विरुद्ध है। ऐसा करने वाले डीलर्स के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी और लाभुक स्वयं भी सचेत होते हुए एडवांस पर्ची ना निकलवाएं, बल्कि पर्ची निकलवाते समय राशन तुरंत लेकर ही जाएं। उन्होंने कहा कि जिले के सभी अवैध राशन कार्ड धारियों से, जो समृद्ध है अथवा सरकारी नौकरी में होने के बावजूद गलत तरीके से राशन के उठाव का लाभ ले रहे हैं वैसे सभी लोग दिनांक 10 अप्रैल तक अपना राशन कार्ड स्वेच्छा से सरेंडर करना सुनिश्चित करें अन्यथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के सुसंगत धाराओं के तहत उनपर दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि डीलर्स अपने क्षेत्र के ऐसे मामलों की गुप्त सूचना प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को उपलब्ध कराएं। अन्यथा जिस भी डीलर के क्षेत्र में अधिकांश ऐसे मामले प्राप्त होंगे उनपर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपायुक्त के अलावा समाहरणालय से अनुमंडल पदाधिकारी रंका सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री रामनारायण सिंह, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा संजीव कुमार, वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा व श्री बंशीधर नगर, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, एजीएम तथा सभी डीलर उपस्थित थे।