सच खबर, खूंटी। अड़की प्रखण्ड अंतर्गत नौढी पंचायत मुख्यालय में कृषि सह विकास मेला का आयोजन किया गया। सुदूर क्षेत्र के किसानों को योजनाओं से लाभान्वित करने एवं उन्हें उचित जानकारी उपलब्ध कराते हुए उन्हें जागरूक करने के उद्देश्य से कृषि सह विकास मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों व अन्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान उप विकास बताया कि जिले के सर्वांगीण विकास की दिशा में हर सम्भव कार्य किये जा रहे हैं। हमारा उद्देश्य है कि सुदूरवर्ती क्षेत्रों को विकास पथ पर अग्रसर किया जाये। उन्होंने कहा कि सरकारी प्रावधानों के अनुसार जिले के जरूरतमन्दों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार द्वारा कई योजनायें चलाई जा रही है, लेकिन जागरूकता के अभाव में योजना का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि जब गरीब एवं असहाय लोगों की आर्थिक उन्नति होगी,तब ही देश उन्नति के मार्ग पर होगा। कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, सैय्यद रियाज अहमद ने लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस समारोह में सुदूर क्षेत्रों से आये लाभुकों को लाभान्वित किया गया है। कृषि सह विकास मेला के आयोजन का लक्ष्य आपके सशक्तीकरण की दिशा में बेहतर रूप प्रदान करना है। जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा कृषि सह विकास मेला के आयोजन के उद्देश्यों को बताया गया। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त विकास मेला के दौरान आत्मा के निदेशक एवं कृषि निरीक्षण, मधुसूदन कुमार सिन्हा ने कृषि गतिविधियों से सम्बंधित विभिन्न विषयों पर किसानों को जानकारी दी एवं संचालित योजनाओं के सम्बंध में जागरूक किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों यथा कृषि, मत्स्य, ग्रामीण विकास विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, कौशल विकास विभाग, सामाजिक सुरक्षा विभाग, मनरेगा, जे.एस.एल.पी.एस एवं अन्य सरकारी विभागों की लाभकारी योजनाओं की सहायता लाभुकों में वितरित की गई। साथ ही परिसंपतियों का वृहद वितरण किया गया।