लिंग आधारित हिंसा, कानूनी अधिकार और मानसिक स्वास्थ्य पर हुई चर्चा, टोल फ्री नंबर 1800 569 1972 लॉन्च
सच खबर, सिमडेगा। छोटानागपुर कल्याण निकेतन द्वारा संचालित सशक्त पंचायत, सुरक्षित नारी पहल के तहत ठेठईटांगर प्रखंड के मेरोमडेगा पंचायत में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिला समूह की सदस्य, महिला जनप्रतिनिधि, वार्ड सदस्य, ग्राम संगठन के पदाधिकारी सहित पंचायत स्तर के कई लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को लिंग आधारित हिंसा की समझ देना, घरेलू हिंसा के विभिन्न रूपों की पहचान कराना, महिलाओं के संवैधानिक व कानूनी अधिकारों तथा महिला जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी देना था। साथ ही ग्राम सभा में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, पंचायत को सशक्त बनाने में ग्राम प्रधान की भूमिका और सामाजिक-सामुदायिक जिम्मेदारियों पर भी चर्चा हुई।
महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य व समग्र स्वास्थ्य के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए बताया गया कि समय पर सही सहयोग व परामर्श से महिलाएं हिंसा और तनाव से उबर सकती हैं।
इस अवसर पर संस्था की सचिव प्रियंका सिन्हा ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों को ध्यान में रखते हुए एक विशेष टोल फ्री नंबर 1800 569 1972 लॉन्च किया गया है, जिस पर महिलाएं किसी भी प्रकार की सहायता, परामर्श या कानूनी सहयोग के लिए संपर्क कर सकती हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इस दौरान ग्राम प्रधान टापूडेगा मेरोमडेगा, ग्राम प्रधान सतन माझी, मंजर प्रधान उपमुखिया योगेश्वर माझी, वार्ड सदस्य मुक्ता नायक, बिमला बराइक, सुषमा सोरेन, निरोज बा, खुशबू देवी, पंचायत कोऑर्डिनेटर शकुंतला सिंह, राखी देवी, मुन्नी कुमारी और शांति देवी सहित कई लोग उपस्थित रहे।