जनहानि रोकने और सुरक्षा उपायों के बारे में लोगों को किया जागरूक
सच खबर, पलामू: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी समीरा एस ने सोमवार को समाहरणालय परिसर से वज्रपात से बचाव को लेकर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान के तहत रथ द्वारा चैनपुर, नौडीहा बाजार, छत्तरपुर और हुसैनाबाद अंचल की चयनित पंचायतों में लोगों को सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
रथ में लीफलेट वितरण, क्विज प्रतियोगिता के पुरस्कार और अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उपायुक्त समीरा एस ने कहा कि हर वर्ष वज्रपात से कई लोगों की जान जाती है, इसलिए इस रथ के माध्यम से ग्रामीणों को आकाशीय बिजली से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी जयराम सिंह यादव समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।