बच्चों की मनमोहक झाँकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सच खबर, मेदिनीनगर: संत मरियम आवासीय विद्यालय में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बड़े हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित नाटिकाएं, नृत्य और झांकियां प्रस्तुत की, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।
नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा में झांकियां प्रस्तुत कर परिसर को कृष्णमय कर दिया। ‘माखन चोर’ की नटखट लीलाओं और दही-हांडी फोड़ने की प्रतियोगिता ने उत्सव में चार चाँद लगा दिए। भजनों और गीतों की मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण भक्ति रस से सराबोर रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने कहा कि ऐसे पर्व बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन कर्म, धर्म और प्रेम का संदेश देता है और विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म का साथ न छोड़ना चाहिए।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य कुमार आदर्श, छात्रावास अधीक्षक उत्कर्ष देव, एडवोकेट ओंकार नाथ तिवारी समेत विद्यालय परिवार और सैकड़ों छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम बच्चों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव साबित हुआ।








