लोहरदगा। लोहरदगा में नक्सल विरोधी अभियान में लगे सुरक्षा बलों को फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। भाकपा माओवादी संगठन के दस्ते ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए भारी मात्रा में विस्फोटक को जंगली-पहाड़ी क्षेत्र में छिपाकर कर रखा गया था। इसे सुरक्षा बलों ने बरामद कर लिया है। इसमें चार बंडल कोडेक्स वायर शामिल है। कोडेक्स वायर का इस्तेमाल लैंडमाइंन विस्फोट के लिए किया जाता है। बताया जाता है कि एसपी प्रियंका मीना को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सलियों ने सुदूरवर्ती जुड़नी जंगल में विस्फोटक छिपाकर रखा है। इसके बाद एएसपी अभियान दीपक कुमार पांडे के नेतृत्व में जिला पुलिस बल, बीडीडीएसज, सीआरपीएफ 158 बटालियन और सैट के जवानों ने सर्च अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान सुदूरवर्ती जुड़नी जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए चार बंडल कोडेक्स वायर बरामद किए गए। सर्च अभियान अभी जारी है। हाल के दिनों में सुरक्षा बलों को लगातार एक के बाद एक सफलता मिल रही है। कई नक्सलियों के आत्मसमर्पण, गिरफ्तारी और मुठभेड़ में मारे जाने से दस्ते की कमर टूट गई है। भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक भी बरामद हुए हैं।