सच खबर, मेदिनीनगर। पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने आज लोकसभा में शून्यकाल के दौरान पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत दोनों जिलें पलामू एवं गढ़वा में हाल के दिनों में नीलगायों एवं हाथियों के उपद्रव से फसलों और मकानों के नुकसान होने से संबंधित अति महत्वपूर्ण मामले को उठाया। श्री राम ने कहा कि यद्यपि किसानों की फसल बहुत सारे कारणों से बर्बाद होती है, परन्तु पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत दोनों जिले पलामू एवं गढ़वा में हाल के दिनों में नीलगायों एवं हाथियों का उपद्रव बहुत ही बढ़ गया है। नीलगायों का प्रकोप तो इतना बढ़ गया है कि किसानों ने उन इलाको में फसल लगाना बंद कर दिया जिसके चलते न केवल किसानों को हानि हो रही है, बल्कि उन क्षेत्रों में वैसी उपजों की कमी हो जाने के चलते उनका बाजार में दाम भी बढ़ते जा रहा है। विदित है कि हाथियों के द्वारा भी किसानों की फसल रौंदी जा रही है बर्बाद की जा रही है, लोगों के मकान गिराए जा रहे है, यहाँ तक की लोगों को पटक-पटक कर उनका प्राण भी ले लिया जा रहा है। यह समस्या केवल मेरे संसदीय क्षेत्र की ही नहीं है बल्कि इस समस्या से देश के कई अन्य राज्य भी पीड़ित है और आक्रांत है। दुर्भाग्यवश इस समस्या का अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है, सिवाय कि वन विभाग द्वारा कभी-कभी हाथियों एवं नीलगायों को भागने का प्रयास किया जाता हैं। सांसद ने कहा कि आपके माध्यम से केन्द्र सरकार से मेरी मांग है कि उक्त समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाय। साथ ही साथ प्रत्येक मामले में नष्ट हुयी फसलों और मकानों इत्यादि को एक सप्ताह के भीतर आकलन कर किसानों और प्रभावित व्यक्तियों को क्षतिपूर्ति की राशि उन्हें उपलब्ध करायी जाय।