जवान और किसान का अनुसरण करें: अविनाश वर्मा

सच खबर, मेदिनीनगर। गत दिन पड़वा स्थित मेरिट यार्ड एकेडेमी में 10वीं एवं 12वीं कक्षा के छात्र छात्राओं का विदाई समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि झारखंड इंडिपेंडेंट स्कूल अलायंस के केंद्रीय अध्यक्ष अविनाश कुमार वर्मा ने छात्र -छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और लेखन सामग्री देकर हौसला बढ़ाया। अपने संबोधन में अविनाश वर्मा ने उपस्थित अभिभावकों एवं एकेडमी के सहकर्मियों से पढ़ाई के साथ-साथ संस्कार पर जोर देते हुए उचित आचरण को आत्मसात करने का सुझाव दिया।
वर्मा ने कहा कि हम कम ही पढ़े-लिखे, लेकिन देश समाज और परिवार के लिए समर्पित और जवाबदेह बनें। जैसे सीमा पर तैनात हमारे जवान और खेतों में काम करते हमारे किसान होते हैं, क्योंकि इनके बगैर हम अपने जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकते, अतः हम सबको इन लोगों से प्रेरणा लेते हुए कर्तव्य बोध को प्रश्रय देना चाहिए। समारोह में उपस्थित गुरुकुल स्कूल के संचालक अनुज सिंह ने विद्यार्थियों को परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परीक्षा फल सिर्फ एक अंक है जो आपके भविष्य को निर्धारित कर ही नहीं सकता। समारोह में उपस्थित प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के वरीय उपाध्यक्ष अजय श्रीवास्तव, अनुशासन प्रभारी वीरेंद्र दुबे एवं लब्ध प्रतिष्ठित व्यवसायिक वेद प्रकाश आर्य ने भी एकेडमी संचालक के साथ छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को बेहतर प्रदर्शन के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम के शुभ अवसर पर मेरिट यार्ड के सूरज विश्वनाथ, उप निदेशक राजीव रंजन मेहता ,सचिव कृष्णा सिंह, संरक्षक एवं छात्र छात्राओं के साथ सभी सहायक शिक्षक उपस्थित थे।कार्यक्रम का संचालन संस्थान के निदेशक साहिल गुप्ता ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *