देवघर मेला ड्यूटी पर गए पुलिस जवान की हत्या, पलामू के जंगल में मिली लाश

गला दबाकर की गई हत्या, जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमॉर्टम रिम्स रांची में

सच खबर, लेस्लीगंज। पलामू के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के जंगल से तीन दिन पहले एक पुलिस जवान का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान पुलिस जवान विजय उरांव के रूप में हुई है। विजय पलामू के सदर थाना क्षेत्र के चियांकी के निवासी थे।

विजय पुलिस ट्रेनिंग सेंटर मुसाबनी में प्रशिक्षणरत थे और उन्हें देवघर श्रावणी मेला में ड्यूटी पर लगाया गया था। मेला ड्यूटी के बाद से वह लापता थे। उनकी पत्नी ने बताया कि मेला समाप्ति के बाद से उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था।

पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने विजय का गला दबाकर और पत्थर से वार कर हत्या की। शव को तीन मुहान की झाड़ी में फेंक दिया गया था। घटना स्थल से डिस्पोजल गिलास और पानी की बोतल भी बरामद हुई हैं।

लेस्लीगंज के थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने पुष्टि की कि शव का पोस्टमॉर्टम रांची के रिम्स में कर दिया गया है। परिजनों के आवेदन के बाद हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है।

विजय के पिता स्व. कुलदीप उरांव भी पुलिस जवान थे। पिता की मृत्यु के बाद विजय पुलिस बल में बहाल हुए थे। अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि उनकी हत्या क्यों की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *