टाना भगतों को अब हर वर्ष कपड़ों के लिए मिलेंगे चार हजार रुपए

रांची। घोषणा के 14 महीने बाद राज्य सरकार टाना भगतों को वर्ष में दो बार वस्त्र के लिए चार हजार रुपए देने जा रही है। राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर विभागीय मंत्री सह मुख्यमंत्री को स्वीकृति के लिए भेज दिया है। सरकार की स्वीकृति मिलते ही राज्य के 9,221 टाना भगतों को चार हजार रुपए का वार्षिक भुगतान शुरू हो जाएगा। इस वस्त्र सम्मान पर कुल तीन करोड़ 68 लाख 84 हजार रुपए का खर्च आएगा। यह राशि 25 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के टाना भगत को दी जाएगी। इस राशि से वह अपना वस्त्र खरीद सकेंगे। उल्लेखनीय है कि महात्मा गांधी की पुण्य तिथि पर 30 जनवरी 2021 को मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी के इन अनुयायियों को वर्ष में दो बार वस्त्र के लिए कुल चार हजार की राशि दिए जाने की घोषणा की थी। लेकिन इसको अमली जामा पहनाने में 14 माह लग गए। टाना भगत परिवार देश में 1914 के आंदोलन से जुड़े रहे। इन्होंने महात्मा गांधी द्वारा किए गए सत्याग्रह आंदोलन में भाग लिया। फिर महात्मा गांधी व उनके विचारों के अनुयायी हो गए। तब से ये खादी का कुर्ता, धोती और टोपी पहनते हैं जनजातीय समाज से जुड़े इन टाना भगतों की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं रहने के कारण, वे खादी का कुर्ता, धोती और टोपी खरीदने में अपने को असहाय महसूस करते हैं। इसी कारण मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रति वर्ष वस्त्र सम्मान देने की घोषणा की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *