‘स्वच्छ विद्यालय, स्वस्थ बच्चे अभियान 2022’ के तहत उपायुक्त ने रवाना किया स्वच्छता रथ यह रथ स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में विद्यालय को तकनीकी सहयोग करेगा

सच खबर, गढ़वा । स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग झारखंड सरकार के निर्देश के आलोक में ‘स्वच्छ विद्यालय, स्वस्थ बच्चे अभियान 2022’ के तहत आज समाहरणालय प्रांगण गढ़वा से शिक्षा विभाग की ओर से स्वच्छता रथ रवाना किया गया। उपायुक्त रमेश घोलप तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी मयंक भूषण ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया। यह रथ गढ़वा प्रखंड अंतर्गत आगामी 45 दिनों तक, प्रत्येक दिन चार विद्यालय में घूम कर स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में प्रखंड के सभी विद्यालय को तकनीकी सहयोग प्रदान करेगा। इसी प्रकार अन्य सभी प्रखंडों में भी स्वच्छता रथ रवाना किया जाएगा जो विद्यालयों को तकनीकी सहायता प्रदान करेंगे। इस अभियान की सफलता हेतु अधिकतम 45 दिनों तक स्वच्छता वैन को चलाया जाना है। प्रतिदिन 4 विद्यालयों के कवरेज के आधार पर स्वच्छता वैन चलेगा। स्वच्छता वैन पर 1 राजमिस्त्री, 1 प्लंबर एवं 1 स्कूल वाश एक्सपर्ट रहेंगे, जो उपस्थित बच्चे एवं अभिभावकों को प्रशिक्षित करेंगे, तथा स्वच्छता सम्बन्धी आधारभूत संरचना (शौचालय) को तुरंत ठीक करेंगे। साथ ही विद्यालय में क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की छोटी- मोटी मरम्मती के कार्य में ऑन- द- स्पॉट सहयोग प्रदान करेंगे। इसके अलावा विद्यालय में स्वच्छता सुविधाओं को बनाए रखने, उचित व्यवहार और जागरूकता को बनाए रखने के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षकों, बाल संसद, सरस्वती वाहिनी, पंचायती राज संस्थानों के सदस्यों आदि को सहयोग प्रदान करेंगे। रथ रवानगी के समय उपायुक्त ने उपस्थित राजमिस्त्री, प्लंबर एवं स्कूल वाश एक्सपर्ट से उसके कार्यों व भुगतान आदि का जायजा भी लिया साथ ही संबंधित प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी से उक्त कार्यों की मॉनिटरिंग करने व उससे संबंधित प्रतिवेदन तैयार करने हेतु निदेशित किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों को सुसज्जित करना और विद्यालय में व्याप्त समस्याओं का समाधान करना है ऐसे में इससे जुड़े पदाधिकारी व कर्मी पूरी लगन के साथ ओर कार्य करें। मौके पर उपायुक्त तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी के अलावा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी साकेत कुमार पांडेय, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा संजीव कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नीतीश कुमार निशांत, शिक्षा विभाग से डीपीएम, स्वच्छ भारत मिशन श्रीमती गायत्री तथा शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *