रांची। गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। वैसे तो डालटनगंज शहर गरमी और लू के मामले में पूरे झारखंड में अव्वल रहता है। लेकिन मार्च के अंत होते ही इतनी गर्मी की उम्मीद यहां के लोेगों को भी नहीं थी। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को डालटनगंज राज्य में सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम पारा 40.5 डिग्री तो रांची में 37 डिग्री रहा। यह सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। इस दौरान करीब 10 किमी रफ्तार से गर्म हवाएं भी चलीं। यह इस सीजन का सबसे अधिक तापमान है। भारतीय मौसम केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राजस्थान और मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। इसी वजह से झारखंड में भी तापमान में बढ़ोतरी हुई है। अधिकतम तापमान में अभी एक डिग्री तक की और बढ़ोतरी होगी। वहीं एक और दो अप्रैल को पूर्वी सिंहभूम, चाईबासा और डालटनगंज समेत राज्य के कई हिस्सों में लू चलेगी। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल में गर्मी का रिकॉर्ड टूटेगा। जमशेदपुर, धनबाद, चाईबास और डालटनगंज में पारा 42 से 44 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। राज्य में जमशेदपुर और डालटनगंज सबसे ज्यादा गर्म रहेगा। इसकी शुरुआत अप्रैल के पहले सप्ताह से हो जाएगी।