सच खबर, रामगढ़। स्थानीय विद्यालय रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती विद्या मंदिर, रामगढ़ में वेद मंत्र उच्चारण एवं घंट संघ की ध्वनि के बीच हवन कुंड में आहुति डालकर सत्र 2022 -23 का आरंभ किया गया। इसके पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य वरुण कुमार चौधरी ने मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन किया। मां शारदे की वंदना, गायत्री मंत्र एवं शांति मंत्र सारे भैया बहन ने संयुक्त रूप से किया। हवन कुंड में आहुति अर्पण के बीच विद्यालय के संस्कृत आचार्य कन्हैया कुमार एवं श्रीकांत द्विवेदी द्वारा सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। पाठ वाचन में प्रभारी प्रधानाचार्य अनिल कुमार राय, दयाशंकर तिवारी, पद्मावती सिंह, कुमकुम झा, सोमा चाकी तथा भैया बहन शामिल थे। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने भैया- बहनों को संबोधित करते नए सत्र को संपूर्ण रूप से शिक्षा और जन का सत्र के रूप में आत्मसात करने की बात कही। उन्होंने विगत 2 वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में भैया बहनों ने जो नुकसान उठाया है, आश्वस्त करते हुए कहा कि इस सत्र में उसकी भरपाई कर दी जाएगी। शांति मंत्र उपरांत प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। साथ ही चौत्र शुक्ल प्रतिपदा नूतन वर्ष के अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकालकर नव वर्ष मनाया गया एवं लोगों के बीच जन जागरण का कार्य किया गया। मौके पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव शंकर लाल अग्रवाल ने सभी को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी। प्रभात फेरी का नेतृत्व आकर्षक घोष दल के द्वारा किया गया।