सच खबर, खूंटीः जिले के सभी पंचायतों में आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम संचालन किया जा रहा है। अन्य पंचायतों सहित मुरहू के हेठगोवा पंचायत में आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाए गए थे। इन स्टॉलों पर संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से समस्या संबंधित आवेदन प्राप्त कर यथासंभव आन द स्पॉट निराकरण किया गया। साथ ही लाभुकों से विविध योजनाओं के तहत लाभ प्रदान करने हेतु आवेदन लिए गये तथा यथाशीघ्र अग्रेतर कार्रवाई हेतु सबंधित विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों को प्रेषित किया गया। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर प्राप्त आवेदनों की जानकारी लीे। साथ ही समस्याओं का प्राथमिकता के तहत यथाशीघ्र संभव निष्पादन का निर्देश दे रहे थे। कार्यक्रम के दौरान प्रखंड के पदाधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए योजनाओं से लाभ प्राप्त करने की अपील की गई। मौके पर वृद्ध-वृद्धाओं के बीच 65 कंबल का वितरण किया गया। कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों के लगे स्टालों पर आम लोगों को सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, बिरसा हरित ग्रामीण योजना, सर्वजन पेंशन योजना, हरा राशन कार्ड, फूलो झानो आशीर्वाद अभियान आदि योजनाओं की लोगों को जानकारी दी गयी। साथ ही लोगों से आवश्यक दस्तावेज के साथ शिविर में आकर योजनाओं का लाभ अपील की गयी।