हम सभी का सौभाग्य है कि भगवान बिरसा ने झारखंड में जन्म लियाः देव

सच खबर, मेदिनीनगरः मंगलवार को संत मरियम स्कूल नावाहाता प्रांगण में झारखंड राज्य स्थापना दिवस सह भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई गई । विद्यालय के चेयरमैन सह सदस्य माटी कला बोर्ड झारखंड सरकार अविनाश देव ने भगवान बिरसा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया । उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हम सभी का सौभाग्य है कि भगवान बिरसा ने झारखंड में जन्म लिया । भारतीय जमींदारों और जागीरदारों तथा ब्रिटिश शासकों के शोषण की भट्टी में आदिवासी समाज झुलस रहा था। बिरसा मुंडा ने आदिवासियों को शोषण की नाटकीय यातना से मुक्ति दिलाने के लिए उन्हें संगठित करना आवश्यक समझा। इन्होने कम उम्र में आदिवासी समुदायों को गोलबंद करते हुए अंग्रेजो के खिलाफ उलगुलान का प्रारम्भ करके एक नया कीर्तिमान स्थापित किया था । बिरसा मुंडा सही मायने में पराक्रम और सामाजिक जागरण के धरातल पर तत्कालीन युग के एकलव्य और स्वामी विवेकानंद थे। बिरसा मुंडा की गणना महान देशभक्तों में की जाती है। श्री देव ने आगे कहा कि भगवान बिरसा ने अपने बेहतरीन कार्य के बदौलत अपना नाम इतिहास के स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा लिया और आदिवासी समुदायों के लिए भगवान बन गए । अतः हम सभी को उनसे प्रेरणा लेते हुए बेहतर झारखण्ड के निर्माण हेतू कर्तव्य निष्ठा के साथ मिले हुए दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। मौके पर सभी शिक्षक मौजूद थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *