दण्डाधिकारियों के लिए द्वितीय चरण के प्रशिक्षण में उपायुक्त ने कहा, रामगढ़ उप निर्वाचन 2023 को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र व निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने में आप सभी का योगदान बहुत महत्वपूर्ण

सच खबर,रामगढ़ः आगामी रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव 2023 के मद्देनजर सोमवार को जिला परिषद कार्यालय के सभाकक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा की अध्यक्षता में सेक्टर दण्डाधिकारियों के लिए द्वितीय चरण के प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने सभी सेक्टर दण्डाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि 23 रामगढ़ विधानसभा उप निर्वाचन 2023 को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र व निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने में आप सभी का योगदान बहुत महत्वपूर्ण है। इस दौरान सुश्री मिश्रा ने सभी को प्रशिक्षण के दौरान उपलब्ध कराई जाने वाले प्रशिक्षण सामग्री को चुनाव के दौरान अपने साथ रखने एवं उसे अच्छी तरह से समझने का निर्देश दिया। वहीं उन्होंने किसी भी प्रकार की दुविधा को प्रशिक्षण के दौरान दूर कर लेने का निर्देश दिया। सुश्री मिश्रा ने सभी सेक्टर दण्डाधिकारियों को जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों व अंचल अधिकारियों के साथ हमेशा संपर्क में रहने व रामगढ़ कॉलेज से डिस्पैच के उपरांत मतदान पदाधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में रहकर क्लस्टर व मतदान केंद्रों पर किए जाने वाले कार्यो की विस्तार से जानकारी दी। सुश्री मिश्रा ने सभी पदाधिकारियों को मतदान के दिन अपने-अपने सेक्टर के अंतर्गत सभी मतदान केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने एवं स्वतंत्र व निष्पक्ष तरीके से मतदान संपन्न कराने का निर्देश दिया। वहीं उन्होंने जिला नियंत्रण कक्ष के साथ संपर्क कर आवश्यक जानकारियां साझा करने के संबंध में भी सभी को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान मास्टर ट्रेनरों के द्वारा रामगढ़ विधानसभा उप निर्वाचन 2023 के लिए प्रतिनियुक्त सेक्टर दंडाधिकारियों को मतदान पूर्व दायित्वों, मतदाताओं के विषय में मतदान पूर्व उत्तरदायित्वों, मानचित्रण असुरक्षा के विषय में मतदान पूर्व उत्तरदायित्वों, मतदान की पूर्व संध्या पर किए जाने वाले कार्यों, मतदान के उपरांत मतदान के संबंध में आरओ को प्रस्तुत किए जाने वाले प्रतिवेदनों, सेक्टर दण्डाधिकारियों के पास होने वाली सूचनाएं एवं सुविधाएं, सेक्टर दण्डाधिकारियों को दी जाने वाली सामग्रियां एवं सेक्टर दण्डाधिकारियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले प्रतिवेदनों सहित अन्य के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *