सच खबर, हुसैनाबादः हुसैनाबाद प्रखंड के मलवारिया मुख्य नहर पीच रोड से काजी बिगहा,शेखपुरा, खरडीहा होते हुए कुडुआ रोड तक और हैदरनगर-मोहम्मदगंज आरसीसी पथ भाई बिगहा से रेलवे स्टेशन मोड़, थाना, प्रखंड कार्यालय, खरगड़ा होते हुए कबरा कला तक सड़क का विशेष जीर्णोद्धार होगा। हुसैनाबाद हरिहरगंज विधायक कमलेश कुमार सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि लगातार दोनांे महत्वपूर्ण सड़कों की स्थिति के संबंध में ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए इसका जीर्णोद्धार कराने की मांग की थी। उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग से दोनों सड़को को स्वीकृति प्रदान करा दिया है। दोनांे सड़को का जल्द ही जीर्णोद्धार हो जायेगा। उन्होंने बताया कि इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र के 12 कब्रिस्तानों की घेराबंदी की भी स्वीकृति दिलाने का काम किया है। इस माह स्वीकृत सभी कब्रिस्तानों की घेराबंदी का काम शुरू हो जायेगा। विधायक श्री सिंह ने कहा कि 13 वर्षो से लगे जंग को साफ करने में समय लगना स्वाभाविक है। फिर भी एक एक कर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। सड़क, नाली ,गली, भवन निर्माण के कार्य सभी प्रखंडों में किए जा रहे। इस माह के अंत तक विधायक कोटा की राशि प्राप्त होने के बाद गांव-गांव में विकास की गति तेज हो जायेगी।