सच खबर, मेदिनीनगरः झारखंड के पलामू किला पर चेरो राजवंश के राजा मेदिनी राय की याद में लगने वाला सालाना मेला 11 फरवरी से शुरू हो रहा है. मेले की शुरुआत 1991 में एकीकृत बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव व पूर्व मंत्री इंदर सिंह नामधारी ने किया था. हाल ही में मेले को राजकीय मेला का दर्जा दिया गया है. जिसके बाद सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से 21 लाख रुपए आवंटित किये गये है. मेले के महत्व को बताते हुए विधायक रामचन्द्र सिंह ने कहा कि राजा मेदिनी राय की याद में लगने वाला मेला आदिवासियों की पहचान है. हम लोगों को इसे सहेज कर रखना होगा। उन्होंने कहा कि मेले में विभिन्न विभाग के दर्जनों स्टॉल लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, बैंक समेत दर्जनों विभाग के स्टॉल आकर्षण का केंद्र होगा. मेले को लेकर जिला पर्यटन पदाधिकारी उमेश लोहरा ने बताया कि पालमा देवी व राजा मेदिनी राय की पूजा कर मेला की शुरुआत होगी. कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों का संबोधन होगा. साथ ही मेले के महत्व पर चर्चा भी होगी। मेला समितियों ने बताया कि मुख्य अतिथि के तौर पर मंत्री मिथिलेश ठाकुर, मंत्री हफीजुल हसन, मंत्री चंपई सोरेन शामिल होंगे. दूसरे दिन 12 फरवरी को स्थानीय कलाकारों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा.